पंजाब चुनाव 2027 लुधियाना में AAP ने 7 विधायकों पर लगाया दांव

पंजाब में विधानसभा चुनाव में अभी चार महीने का समय बाकी है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि लुधियाना की 14 में से 7 सीटों पर मौजूदा विधायकों को ही दोबारा मौका दिया गया है।
लुधियाना की किन 7 सीटों पर नाम फाइनल हुए
लुधियाना जिले में AAP ने जिन 7 सीटों पर नामों का ऐलान किया है, वे हैं - समराला से जगतार सिंह दयालपुरा, लुधियाना पूर्वी से दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी, आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा, लुधियाना उत्तरी से मदन लाल बग्गा और पायल से मनविंदर सिंह गियासपुरा ये सभी नेता 2022 में जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।
जेल में बंद संजीव अरोड़ा को टिकट क्यों?
इस लिस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा लुधियाना पश्चिम सीट की हो रही है। यहां से संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इस समय प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में न्यायिक हिरासत में हैं और गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं। उन पर लगे आरोप अभी अदालत में विचाराधीन हैं।
संजीव अरोड़ा ने पिछले साल हुए लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु को 10 हजार से अधिक वोटों से हराया था। इससे पहले वह राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं।
भगवंत मान फिर धूरी से लड़ेंगे चुनाव
पहली लिस्ट में मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर संगरूर जिले की धूरी सीट से मैदान में उतारा गया है। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से टिकट दिया गया है। अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है।
बाकी 7 सीटों पर अभी मंथन जारी
लुधियाना की 7 सीटों पर अभी नामों का ऐलान बाकी है। इनमें लुधियाना दक्षिण, जगराओं, रायकोट, गिल, साहनेवाल , खन्ना और दाखा सीटें शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, इन सीटों पर पार्टी के अंदर अभी भी मंथन चल रहा है।
AAP ने इतनी जल्दी लिस्ट क्यों जारी की?
पंजाब की 117 सीटों वाली विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को खत्म हो रहा है। चुनाव फरवरी 2027 में होने की संभावना है। ऐसे में AAP उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली पहली बड़ी पार्टी बन गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जल्दी लिस्ट जारी करके AAP ने अपने विधायकों को निश्चिंत कर दिया है।









Join the discussion
Comments (0)